ADVERTISEMENT

वाइस प्रेसिडेंट से लेकर कमांडर-इन-चीफ तकः कमला हैरिस का विजयी पथ

अमेरिका के राष्ट्रपति चुनाव में कमला हैरिस सिर्फ एक उम्मीदवार नहीं हैं बल्कि 44 लाख से अधिक भारतीय-अमेरिकियों के लिए उम्मीद और नेतृत्व की प्रतीक हैं।

कमला हैरिस और भारतीय समुदाय के नेता अजय भुटोरिया। / Image credit: Ajay Bhutoria

एक ऐतिहासिक और अभूतपूर्व घटनाक्रम में राष्ट्रपति जो बाइडेन ने 2024 के राष्ट्रपति चुनाव में अपनी उम्मीदवारी वापस लेते हुए कमला हैरिस को डेमोक्रेटिक प्रत्याशी बनाए जाने का समर्थन किया है। इस कदम के बाद नेताओं और नागरिकों की तरफ से बड़े पैमाने पर समर्थन की लहर देखने को मिली है। राष्ट्रपति बाइडेन के अलावा पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा, बिल क्लिंटन, फर्स्ट लेडी डॉ जिल बाइडेन, पूर्व फर्स्ट लेडी मिशेल ओबामा, सेक्रेटरी हिलेरी क्लिंटन समेत कई डेमोक्रेटिक गवर्नर, कांग्रेस सदस्यों और मेयरों ने कमला हैरिस का साथ देने का ऐलान कर दिया है। इनका सामूहिक समर्थन यह सुनिश्चित करता नजर आता है कि डोनाल्ड ट्रम्प फिर से व्हाइट हाउस में वापस नहीं आने वाले हैं।

कमला हैरिस ऐसे समय में देश के लिए नेतृत्व और उम्मीद की किरण बनकर आई हैं, जब अमेरिका चौराहे पर खड़ा है। उनकी उम्मीदवारी भविष्य के लिए एक ऐसा बोल्ड विजन पेश करती है, जिसमें लोकतंत्र की मजबूती, प्रजनन अधिकारों की हिफाजत और हर अमेरिकी के फलने-फूलने के अवसरों जैसी उम्मीदें हैं। कमला हैरिस के रूप में हमें हम प्रगति और समावेशिता पर आधारित भविष्य बनाम विभाजन और दमन में दबे भविष्य के बीच एक महत्वपूर्ण विकल्प नजर आता है। हैरिस आने वाले कल को लेकर उम्मीद जगाती हैं।

इस चुनाव में दांव पर क्या है, यह बिल्कुल साफ है। डोनाल्ड ट्रम्प पूर्व में किए अपराधों के लिए दोषी ठहराए जा चुके हैं। वह कट्टर एजेंडे पर चल रहे हैं। हमारी अब तक की तरक्की को बेअसर करने की धमकी देते हैं। उनके प्रोजेक्ट 2025 का असल उद्देश्य अधिकारों और स्वतंत्रता को कम करना, मध्यम वर्ग को कमजोर बनाना और लोकतांत्रिक संस्थानों को अस्थिर करना है। इसके उलट, कमला हैरिस का अभियान मौजूदा तात्कालिक जरूरतों को पूरा करते हुए पिछले वर्षों के फायदों को सुरक्षित करने की प्रतिबद्धता पर आधारित है।

कमला हैरिस और अजय भुटोरिया का परिवार। / Image credit: Ajay Bhutoria

कमला हैरिस की लोकप्रियता विविध आबादी में फैली है। यह जीत के लिए जरूरी मतदाता समूहों में स्पष्ट बढ़त दिखाती है। डेमोक्रेटिक पार्टी के जनाधार के अलावा हैरिस को अफ्रीकी-अमेरिकी, लैटिनी, एशियाई-अमेरिकी और प्रशांत द्वीप समूह (AANHPI), महिलाओं और युवाओं का मजबूत समर्थन प्राप्त है। इन समूहों के बीच उनकी अप्रूवल रेटिंग ट्रम्प से कहीं आगे है। अश्वेत मतदाताओं में हैरिस के पास 44 से अधिक की अप्रूवल रेटिंग है। इन समूहों में वह ट्रम्प से 54 अंक आगे हैं। लैटिनी मतदाता खासकर अनडिसाइडेड और निर्दलीय भी ट्रम्प से अधिक हैरिस के प्रति समर्थन दिखा रहे हैं। एएनएचपीआई मतदाताओं में हैरिस की सकारात्मक अनुमोदन रेटिंग ट्रम्प की तुलना में 30 अंक अधिक है। इनके अलावा महिला और युवा मतदाताओं में भी हैरिस की रेटिंग ट्रम्प से 21 और 25 अंक अधिक है।

यह व्यापक समर्थन कमला हैरिस की ऐसे मुद्दों पर मतदाताओं से जुड़ने की क्षमता को दर्शाता है, जो उनके लिए सबसे ज्यादा मायने रखते हैं। हैरिस प्रजनन अधिकारों की पुरजोर पैरवी करती रही हैं, कानून के शासन को बनाए रखती हैं और सिस्टम जनित अन्याय से मुकाबला करती हैं। प्रजनन की आजादी और रो वी. वेड जजमेंट को पलटने में बाइडेन-हैरिस प्रशासन की भूमिका ने महिलाओं और युवा मतदाताओं के बीच उनकी लोकप्रियता बढ़ाई है।

इतना ही नहीं, कमला हैरिस 2020 में जीत दिलाने वाले गठबंधन को आगे ले जाने के लिए अच्छी तरह से तैयार है। पिछले चुनाव के बाद डेमोक्रेट्स की प्रति झुकाव रखने वाले वोटरों को आकर्षित करना और बाइडेन-हैरिस प्रशासन से आगे समर्थन जुटाने की उनकी क्षमता महत्वपूर्ण है। इसमें श्वेत, कॉलेज शिक्षित मतदाता और वरिष्ठ नागरिक भी शामिल हैं जो ट्रम्प के अतिवाद और कानूनी परेशानियों से चिंतित हो चुके हैं।
 

उपराष्ट्रपति कमला हैरिस के साथ अजय भुटोरिया। / Image credit: Ajay Bhutoria

भारतीय अमेरिकी वोट और जीत का अंतर

कमला हैरिस को भारतीय मूल की होने के कारण भारतीय-अमेरिकी समुदाय से काफी समर्थन मिल रहा है। कमला हैरिस की मां चेन्नई से थीं। कमला सिर्फ एक उम्मीदवार नहीं हैं बल्कि 44 लाख से अधिक भारतीय अमेरिकियों के लिए उम्मीद और नेतृत्व की प्रतीक हैं। यह समुदाय ऐतिहासिक रूप से समृद्ध और प्रभावशाली है तथा सियासी समर के दौरान प्रमुख राज्यों में जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाने जा रहा है।

भारतीय-अमेरिकी अधिक से अधिक संख्या में मतदान करते हैं और लोगों से जुड़ाव के लिए प्रतिबद्ध रहते हैं। पेंसिल्वेनिया, मिशिगन और विस्कॉन्सिन जैसे राज्यों में भारतीय-अमेरिकी समुदाय जीत और हार का फैसला कर सकते हैं। कमला हैरिस के लिए भारतीय-अमेरिकियों में उत्साह साफ है। कोने-कोने में भारतीय अमेरिकी उनकी जीत सुनिश्चित करने के लिए अभूतपूर्व संख्या में एकजुट हो रहे हैं और स्वेच्छा से धन जुटाने में जुट गए हैं।

मैं तहे दिल से कमला हैरिस को अगला अमेरिकी राष्ट्रपति बनाने का समर्थन करता हूं। मैं दक्षिण एशियाई समुदाय के 44 लाख वोटों को एकजुट करने और हैरिस के लिए अतिरिक्त फंड जुटाने के लिए प्रतिबद्ध हूं। समुदाय के अंदर अद्वितीय ऊर्जा और उत्साह को देखते हुए मुझे विश्वास है कि हमारे सामूहिक प्रयास हैरिस के लिए व्हाइट हाउस का रास्ता निश्चित ही साफ कर देंगे। 

कमला हैरिस की जीत के लिए जरूरी 270 इलेक्टोरल वोट हासिल करना कोई मुश्किल काम नहीं लगता। उनका कैंपेन रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण राज्यों पर फोकस्ड है। इनमें मिशिगन, विस्कॉन्सिन व पेंसिल्वेनिया के ब्लू वॉल राज्य और उत्तरी कैरोलिना, जॉर्जिया, एरिज़ोना और नेवादा के सन बेल्ट राज्य शामिल हैं। मजबूत कैंपेन, जमीनी उत्साह और प्रमुख मतदाता वर्गों तक संपर्क के जरिए हैरिस इस अवसर का फायदा उठाने के लिए अच्छी स्थिति में हैं।

महज 72 घंटों में ही अभूतपूर्व फंडरेजिंग और वॉलंटियर्स के भारी रजिस्ट्रेशन के जरिए हैरिस ने दिखा दिया है कि उनके पास जमीनी स्तर का समर्थन है। लोगों में हैरिस को लेकर व्यापक विश्वास से जाहिर है कि ट्रम्प के खतरनाक एजेंडे को हराने के लिए वह सबसे उपयुक्त हैं। 

समय बीतने के साथ, यह जरूरी है कि हम सभी कमला हैरिस के पीछे एकजुट होकर खड़े हों। उनकी उम्मीदवारी हमारी प्रगति को नई मंजिल तक ले जाने, हमारे लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा करने और हर अमेरिकी की कामयाबी सुनिश्चित करने का अवसर है। हैरिस के नेतृत्व में हम आगे आने वाली चुनौतियों से मजबूती से निपट सकते हैं और उज्जवल, समावेशी भविष्य का मार्ग प्रशस्त कर सकते हैं।

इस चुनाव में जनता के सामने विकल्प स्पष्ट हैं। कमला हैरिस ऐसी नेता हैं जिनके मार्गदर्शन की अमेरिका को इस निर्णायक क्षण में जरूरत है। आइए हम एकजुट होकर अपने समुदायों को संगठित करें और कमला हैरिस की जीत सुनिश्चित करने के लिए हरसंभव प्रयास करें। हमारे राष्ट्र का भविष्य इसी पर निर्भर है।

Comments

ADVERTISEMENT

 

 

 

ADVERTISEMENT

 

 

E Paper

 

 

 

Video

 

Related