ADVERTISEMENTs

हैरिस के लिए अजय भुटोरिया ने लॉन्च किया बॉलीवुड वीडियो, दक्षिण एशियाई समर्थन की बयार

भुटोरिया कहते हैं कि उपराष्ट्रपति हैरिस हमारे समुदाय के लिए खुशी और आशा का प्रतीक हैं। वह 50 लाख से अधिक भारतीय अमेरिकियों की आशा का प्रतिनिधित्व करती हैं। हम अपने समुदाय को शामिल करने और यह सुनिश्चित करने के लिए बॉलीवुड संगीत का उपयोग कर रहे हैं कि उनकी आवाज सुनी जाए।

राष्ट्रपति पद की डेमोक्रेट उम्मीदवार कमला हैरिस। / Reuters

एशियाई अमेरिकी समुदाय के प्रमुख नेता और कमला हैरिस के राष्ट्रपति अभियान की राष्ट्रीय वित्त समिति के सदस्य अजय भुटोरिया ने कांटे के मुकाबले वाले राज्यों में दक्षिण एशियाई मतदाताओं को एकजुट करने के लिए 'आई विल वोट फॉर कमला हैरिस-टिम वाल्ज' शीर्षक से एक नया डिजिटल वीडियो लॉन्च किया है। बॉलीवुड से प्रेरित वीडियो ए.आर. रहमान के संगीतबद्ध मशहूर फिल्म रोजा के गीत 'दिल है छोटा सा, छोटी सी आशा' पर आधारित है जिसका उद्देश्य मिशिगन, पेंसिल्वेनिया, विस्कॉन्सिन, जॉर्जिया, नेवादा, एरिजोना और उत्तरी कैरोलिना में दक्षिण एशियाई समुदायों से जुड़ना है।

यह गीत अपने आप में युवा आशाओं और सपनों का उत्सव है जो खुशी, स्वतंत्रता और बेहतर भविष्य की कामना करता है। वीडियो में भुटोरिया इस बात को रेखांकित करते हैं कि किस तरह ये थीम उपराष्ट्रपति कमला हैरिस के आशा और एकता के संदेश से मेल खाते हैं। भुटोरिया कहते हैं कि उपराष्ट्रपति हैरिस हमारे समुदाय के लिए खुशी और आशा का प्रतीक हैं। वह एक ऐसा भविष्य बनाने के लिए चुनाव मैदान में हैं जो डोनाल्ड ट्रम्प के विभाजन से परे हो। वह 50 लाख से अधिक भारतीय अमेरिकियों की आशा का प्रतिनिधित्व करती हैं। हम अपने समुदाय को शामिल करने और यह सुनिश्चित करने के लिए बॉलीवुड संगीत का उपयोग कर रहे हैं कि उनकी आवाज सुनी जाए।

भुटोरिया ने एशियाई अमेरिकी, मूल हवाईयन और प्रशांत द्वीपसमूह (AANHPI) समुदाय को एकजुट करने के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि यह हमारे लिए एकजुट होने और कमला हैरिस के लिए अपना समर्थन व्यक्त करने का समय है। उन्होंने हैरिस और उनके साथी टिम वाल्ज के लिए मतदान प्रतिशत बढ़ाने के चल रहे प्रयासों के तहत अतिरिक्त बॉलीवुड-प्रेरित वीडियो जारी करने की बात भी कही। 

2020 के चुनाव के दौरान बॉलीवुड वीडियो और अपने आखिरी वीडियो नाचो-नाचो की सफलता पर विचार करते हुए भुटोरिया को विश्वास है कि यह नया अभियान भी उतना ही प्रभावशाली होगा। उनका कहना है कि दक्षिण एशियाई वोट इस चुनाव में निर्णायक कारक हो सकते हैं और हम हर वोट को महत्वपूर्ण बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

अजय और विनीता भुटोरिया द्वारा परिकल्पित और ऑसम टीवी के रितेश पारिख द्वारा निर्मित इस वीडियो में तेलुगु, गुजराती, पंजाबी, हिंदी, बंगाली, तमिल, मलयालम और उर्दू सहित कई भाषाओं में संदेश हैं। पारिख ने कहा कि बॉलीवुड ने हमेशा कहानियों के माध्यम से लोगों को जोड़ा है और कमला हैरिस लोगों को एक साथ लाकर उस भावना को दर्शाती हैं। वह हम सभी के लिए खुशी और आशा लेकर आती हैं।

चुनाव से कुछ ही दिन पहले भुटोरिया और उनकी टीम वोट हासिल करने के प्रयास तेज कर रही है। भुटोरिया ने कहा कि कमला हैरिस के बेहतर भविष्य के दृष्टिकोण और ट्रम्प के विभाजन के बीच विकल्प स्पष्ट है। हजारों दक्षिण एशियाई स्वयंसेवक इस जंग को जीतने में मदद करने के लिए संगठित हो रहे हैं, दरवाजे खटखटा रहे हैं और कॉल कर रहे हैं।

भुटोरिया ने कहा कि साथ मिलकर हमारे पास @KamalaHarris और @Tim_Walz के साथ इस देश में नेतृत्व की एक नई पीढ़ी चुनने का मौका है और एक बेहतर और मजबूत, निष्पक्ष तथा अधिक आशावान अमेरिका का निर्माण शुरू करना है।
 

https://drive.google.com/file/d/1wuR6RQUSgxyWss7apN_Tr7bAp10y7qWU/view?usp=gmail

Comments

ADVERTISEMENT

 

 

 

ADVERTISEMENT

 

 

E Paper

 

 

 

Video

 

Related