ADVERTISEMENTs

कनाडाः ब्रिटिश कोलंबिया के असेंबली चुनावों में रिकॉर्ड संख्या में भारतवंशी उम्मीदवार जीते

दिलचस्प यह है कि ब्रिटिश कोलंबिया प्रांतीय संसद के लिए 243 उम्मीदवारों में से लगभग हर आठवां भारतीय मूल का था। अब चुनी गई नई संसद का हर छठा सदस्य भारतीय मूल का होगा।

प्रांतीय संसद के चुनावों में जीतने वालों में निक्की शर्मा और रवि काहलों भी शामिल हैं। / images: X @KahlonRav/ @NikiSharma2

कनाडा में ब्रिटिश कोलंबिया प्रांतीय संसद के चुनावों में भारतीय मूल के उम्मीदवारों ने रिकॉर्ड जीत हासिल की है। उन्होंने पहली बार 15 सीटें जीती हैं। हालांकि शिक्षा एवं बाल कल्याण मंत्री रचना सिंह और ब्रिटिश कोलंबिया विधानसभा के पहले पगड़ीधारी सिख विधायक अमन सिंह सहित समेत कई प्रमुख उम्मीदवार हार गए हैं। 

निवर्तमान सत्तारूढ़ पार्टी एनडीपी 46 सीटों पर आगे चल रही थी और कंजर्वेटिव पार्टी बीसी प्रांतीय चुनावों में अपने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के साथ 45 सीटों पर आगे थी  या जीत रही थी। ऐसे में माना जा रहा है कि दो सीटों पर आगे चल रही ग्रीन पार्टी किंगमेकर बन सकती है। 93 सदस्यीय सदन में स्पष्ट बहुमत के लिए एनडीपी या कंजर्वेटिव पार्टी को 47 के जादुई आंकड़े तक पहुंचने के लिए ग्रीन पार्टी की ओर रुख करना पड़ सकता है। 

इससे पहले कभी भी भारतीय डायस्पोरा का प्रांतीय चुनावों में इतना अच्छा प्रदर्शन नहीं रहा था। पहली बार सफल उम्मीदवारों की संख्या दोहरे अंकों में पहुंची है। दिलचस्प यह है कि ब्रिटिश कोलंबिया प्रांतीय संसद के लिए 243 उम्मीदवारों में से लगभग हर आठवां भारतीय मूल का था। अब चुनी गई नई संसद का हर छठा सदस्य भारतीय मूल का होगा।

सफल उम्मीदवारों में दो बार के ओलंपियन रवि कहलोन, प्रांत की पहली भारतीय मूल की महिला अटॉर्नी जनरल निक्की शर्मा, स्पीकर बनने वाले पहले दक्षिण एशियाई राज चौहान और पूर्व भारतीय बास्केटबॉल खिलाड़ी जगरूप बराड़ शामिल हैं। पूर्व कबड्डी खिलाड़ी मनदीप धालीवाल ने पंजाबी मूल के उम्मीदवारों में से रचना सिंह को एक बड़े उलटफेर में हरा दिया।

हाल ही में संपन्न चुनाव में भारतीय मूल के विजेता उम्मीदवारों में निक्की शर्मा, रवि कहलोन, मनदीप धालीवाल, जोडी तूर, रिया अरोड़ा, राज चौहान, रवि परमार, हरमन भंगू, आमना शाह, जगरूप बराड़, एचएस रंधावा, जेसी सुन्नर, हरविंदर संधू, स्टीव कूनर और सुनीता धीर शामिल हैं।

नए निर्वाचित विधायक सत्तारूढ़ एनडीपी और मुख्य विपक्षी कंजर्वेटिव पार्टी दोनों से हैं। नई ब्रिटिश कोलंबिया प्रांतीय संसद के लिए चुने गए 15 एमपीपी, जिन्हें विधायक भी कहा जाता है, में से दस एनडीपी और बाकी कंजर्वेटिव पार्टी से हैं। बीसी की कंजर्वेटिव पार्टी का यह रिकॉर्ड प्रदर्शन है। उन्होंने प्रांतीय चुनावों में इतनी सीटें पहले कभी नहीं जीतीं।

एक दिलचस्प तथ्य ये भी है कि दो सीटें- सरे न्यूटन और सरे नॉर्थ में  सभी उम्मीदवार भारतीय मूल के थे। सरे न्यूटन में से जेसी सुन्नर को जीत मिली है। उनके अलावा ब्रॉडकास्टर टेगजोत बल, जसप्रीत लेहल, जोगिंदर सिंह रंधावा और अमृत बिरिंग मैदान में थे।

सरे नॉर्थ में जहां मनदीप धालीवाल ने मौजूदा मंत्री रचना सिंह को मात देकर विधानसभा में जगह बनाई है। वहीं मैदान में किस्मत आजमाने वाले अन्य उम्मीदवारों में किरण हुंडल, हॉबी निज्जर और सैम संधू शामिल थे। इन चुनावों में सफलता हासिल करने वालों में पंजाबी मूल के तीन खिलाड़ी रवि कहलोन, जगरूप बराड़ और मनदीप धालीवाल भी हैं।

Comments

ADVERTISEMENT

 

 

 

ADVERTISEMENT

 

 

E Paper

 

 

 

Video

 

Related