ADVERTISEMENT

वॉशिंगटन गणेश उत्सव में दिखा आस्था, संस्कृति और सामुदायिक एकता का भव्य संगम

बीट्स ऑफ वाशिंगटन (पूर्व में बीट्स ऑफ रेडमंड) की तरफ से आयोजित इस गणेश उत्सव में 50,000 से अधिक लोगों ने भक्तिभाव से हिस्सा लिया।

वॉशिंगटन गणेश उत्सव में भगवान गणपति की 15 फुट ऊंची भव्य प्रतिमा आकर्षण का केंद्र रही। / Image provided

वॉशिंगटन के रेडमंड में गणेश उत्सव बहुत ही धूमधाम से मनाया गया। 12 से 15 सितंबर तक आयोजित वॉशिंगटन गणेश उत्सव में भक्ति, संस्कृति और समुदाय का अनोखा संगम देखने को मिला। 

बीट्स ऑफ वाशिंगटन (पूर्व में बीट्स ऑफ रेडमंड) की तरफ से आयोजित इस गणेश उत्सव में 50,000 से अधिक लोगों ने भक्तिभाव से हिस्सा लिया। इस वर्ष के उत्सव का प्रमुख आकर्षण भगवान गणेश की भव्य 15 फुट ऊंची प्रतिमा थी, जिसे प्यार से 'वाशिंगटन राजा' नाम दिया गया था।
 

वॉशिंगटन गणेश उत्सव में पद्मश्री भूषण कैलाश खेर ने भी अपनी परफॉर्मेंस से समां बांध दिया। / Images provided

वॉशिंगटन गणेश महोत्सव अपनी उत्कृष्ट सजावट और भव्यता के कारण पैसिफिक नॉर्थ वेस्ट में चर्चित उत्सव रहा। इसके डेकोरेशन सागर द्वारा की गई थी। भारत से नाना वेदक द्वारा प्रदान किए गए गहनों से भगवान को सजाया गया था। कार्यक्रम में ढोल-ताशा की परफॉर्मेंस ने लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इसमें स्थानीय समुदाय के 150 से अधिक कलाकारों ने भागीदारी की।

उत्सव के उद्घाटन अवसर पर भारत के मशहूर गायक पद्मश्री भूषण कैलाश खेर और कैलासा बैंड ने रोमांचक म्यूजिकल कॉन्सर्ट पेश किया। पहली बार बेलेव्यू सिटी और किंग काउंटी ने इस त्योहार के सांस्कृतिक महत्व की मान्यता को लेकर उद्घोषणाएं जारी कीं।

समारोह के मुख्य अतिथि सिएटल स्थित भारत के महावाणिज्य दूत प्रकाश गुप्ता रहे। उनके अलावा जेरेड न्यूवेनहुइस (बेलेव्यू सिटी काउंसिल), सुरेश शर्मा (कौंसल/चांसरी प्रमुख) और जिमी मट्टा (ब्यूरियन सिटी काउंसिल) सहित कई स्थानीय नेताओं और अन्य नागरिकों ने अपनी उपस्थिति से कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।

चार दिवसीय गणेश उत्सव में रंगारंग कार्यक्रमों की धूम रही। / Images provided

अमेरिका में ढोल-ताशा के सबसे बड़े ग्रुप बीट्स ऑफ वाशिंगटन ने महोत्सव में रंग जमा दिया। पूरे उत्सव के दौरान उन्होंने मंत्रमुग्ध कर देने वाली परफॉर्मेंस दीं। भगवान गणेश के प्रसाद के रूप में 12,000 से अधिक लड्डू और 1,000 से अधिक फल वितरित किए गए। स्नैक्स और पारंपरिक हस्तशिल्प के स्टॉल्स भी लगाए गए। 

बता दें कि वाशिंगटन गणेश महोत्सव सामुदायिक एकता का प्रतीक बन चुका है। यह भारतीय प्रवासियों और स्थानीय समुदाय को एक साथ लाने का मेगा इवेंट बन गया है। समृद्ध सांस्कृतिक प्रदर्शन, आस्था, भक्ति और बड़ी संख्या में लोगों की उपस्थिति से इस वर्ष के आयोजन को अमेरिका में सबसे बड़े और सबसे सफल गणेश उत्सवों में से एक के रूप में याद किया जाएगा।
 

Comments

ADVERTISEMENT

 

 

 

ADVERTISEMENT

 

 

E Paper

 

 

 

Video

 

Related