ADVERTISEMENTs

जॉयेंदु भादुड़ी बने UNC ग्रीन्सबोरो के ब्रायन स्कूल ऑफ बिजनेस एंड इकोनॉमिक्स के नए डीन

जॉयेंदु "जॉय" भादुड़ी जुलाई 2024 से वह UNC ग्रीन्सबोरो में अंतरिम डीन के रूप में जिम्मेदारी संभाल रहे थे।

जॉयेंदु भादुड़ी सप्लाई चेन और ऑपरेशंस मैनेजमेंट के विशेषज्ञ हैं। / image : UNC

जॉयेंदु "जॉय" भादुड़ी नॉर्थ कैरोलाइना यूनिवर्सिटी (UNC) ग्रीन्सबोरो के ब्रायन स्कूल ऑफ बिजनेस एंड इकोनॉमिक्स के नए डीन होंगे। वह 1 अप्रैल 2025 से पदभार संभालेंगे।  

जॉयेंदु भादुड़ी इससे पहले न्यूयॉर्क स्टेट यूनिवर्सिटी (SUNY) ब्रॉकपोर्ट के स्कूल ऑफ बिजनेस एंड मैनेजमेंट और रैडफोर्ड यूनिवर्सिटी के डेविस कॉलेज ऑफ बिजनेस एंड इकोनॉमिक्स के प्रमुख रह चुके हैं।  

जुलाई 2024 से वह UNC ग्रीन्सबोरो में अंतरिम डीन के रूप में जिम्मेदारी संभाल रहे थे। उन्होंने ब्रायन स्कूल के एसोसिएट डीन ऑफ ग्रेजुएट प्रोग्राम्स एंड रिसर्च के रूप में भी कार्य किया है।  

ये भी देखें - मिशिगन यूनिवर्सिटी के लॉ कॉलेज में डीन बने नील सुखात्मे, जानें इन्हें

UNC ग्रीन्सबोरो के प्रोवोस्ट एलन बॉयेटे ने कहा कि जॉयेंदु भादुड़ी के पास लीडरशिप का व्यापक अनुभव, उत्कृष्ट शोध रिकॉर्ड और छात्रों की सफलता व सामुदायिक भागीदारी के प्रति गहरी प्रतिबद्धता है। 

उन्होंने आगे कहा कि इनोवेटिव बिजनेस एजुकेशन को लेकर भादुड़ी का स्पष्ट नजरिया, इंडस्ट्री के साथ रणनीतिक साझेदारी स्थापित करने की क्षमता और अनुशासनिक सहयोग बढ़ावा देने की प्रतिबद्धता, ब्रायन स्कूल को नई ऊंचाई पर ले जाने के लिए मुफीद है।

जॉयेंदु भादुड़ी सप्लाई चेन और ऑपरेशंस मैनेजमेंट के विशेषज्ञ हैं। उन्होंने 100 से अधिक अकादमिक शोधपत्र प्रकाशित किए हैं। उनके शोध को यूएस डिपार्टमेंट ऑफ लेबर, नॉर्थ कैरोलाइना डिपार्टमेंट ऑफ ट्रांसपोर्टेशन, फेडएक्स और ग्लैक्सो स्मिथक्लाइन जैसी संस्थाओं द्वारा फंड किया गया है।  

अपने करियर में उन्होंने 1.44 मिलियन डॉलर (लगभग 12 करोड़ रुपये) की अनुसंधान निधि और अनुबंध प्राप्त किए हैं। वह 2024 से 27 तक के लिए फुलब्राइट प्रोग्राम स्पेशलिस्ट भी हैं। उन्होंने यूएस, सिंगापुर, हांगकांग, ऑस्ट्रिया, जर्मनी, घाना और दक्षिण अफ्रीका में ग्रेजुएट कोर्स पढ़ाए हैं।  

जॉयेंदु भादुड़ी ने II-BHU से बीटेक (इलेक्ट्रॉनिक्स एंड टेलीकम्युनिकेशन इंजीनियरिंग) और यूनिवर्सिटी ऑफ टेक्सास, डलास से मैनेजमेंट साइंस में पीएचडी की है।

अपनी नियुक्ति पर भादुड़ी ने कहा कि ब्रायन स्कूल में नई जिम्मेदारी के साथ मैं खुद को सम्मानित महसूस कर रहा हूं। मैंने हमेशा UNC ग्रीन्सबोरो के ब्रायन स्कूल को अपना घर माना है। ऐसे में यह अवसर मेरे लिए केवल एक सम्मान नहीं बल्कि विशेषाधिकार भी है।
 

Comments

ADVERTISEMENT

 

 

 

ADVERTISEMENT

 

 

E Paper

 

 

 

Video

 

Related