l पन्नू प्रकरण में अमेरिकी अधिकारी ने भारत से कही जवाबदेही की बात

ADVERTISEMENTs

पन्नू प्रकरण में अमेरिकी अधिकारी ने भारत से कही जवाबदेही की बात

अमेरिकी विदेश उप सचिव कर्ट कैंपबेल ने एक मीडिया ब्रीफिंग के दौरान यह टिप्पणी की और साथ ही भारत की ओर से इस मामले में जवाबदेही की जरूरत पर भी जोर दिया।

अमेरिका और कनाडा का नागरिक तथा सिख अलगाववादी नेता गुरपतवंत सिंह पन्नू । / Image : NIA

बाइडन प्रशासन के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा है कि सिख अलगाववादी गुरपतवंत सिंह पन्नू को मारने की कथित विफल साजिश की जांच पर अपडेट के लिए अमेरिका ने लगातार भारत पर दबाव डाला है। अमेरिकी विदेश उप सचिव कर्ट कैंपबेल ने एक मीडिया ब्रीफिंग के दौरान यह टिप्पणी की और साथ ही भारत की ओर से इस मामले में जवाबदेही की जरूरत पर भी जोर दिया। 

कैंपबेल ने कहा कि अमेरिका ने इस मुद्दे को सीधे भारत सरकार के उच्चतम स्तर पर उठाया है। हमने इस विषय पर भारत के साथ रचनात्मक बातचीत की है और मैं कहूंगा कि वे हमारी चिंताओं के प्रति उत्तरदायी रहे हैं। बकौल कर्ट हमने स्पष्ट कर दिया है कि हम भारत सरकार से जवाबदेही चाहते हैं और हमने लगातार भारतीय जांच समिति की प्रगति पर अपडेट मांगा है। कैंपबेल ने कहा कि मैं बस इतना ही कहूंगा कि हमने इस मुद्दे को सीधे वरिष्ठ स्तर पर भारत सरकार के समक्ष उठाया।

कैंपबेल से पूछा गया था कि क्या पन्नू को निशाना बनाने वाली 'हत्या के बदले हत्या' की साजिश पर उनकी और अमेरिकी राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार जेक सुलिवन की अपने भारतीय समकक्षों के साथ हुई बैठकों के दौरान चर्चा हुई थी। इसी पर कर्ट ने भारत की ओर से जवाबदेही की बात कही।

गौरतलब है कि अमेरिकी गुरपतवंत सिंह पन्नू की हत्या की साजिश रचने के आरोपी भारतीय व्यक्ति निखिल गुप्ता ने 17 जून को मैनहट्टन की एक संघीय अदालत में खुद को निर्दोष बताया था। नवंबर में अमेरिकी अधिकारियों ने आरोप लगाया कि भारत सरकार के एक अधिकारी ने पन्नू की हत्या के प्रयास में साजिश का निर्देशन किया था। पन्नू अमेरिकी और कनाडाई नागरिक है। गुप्ता पर उस साजिश में शामिल होने का आरोप है।

पिछले जून में गुप्ता ने भारत से प्राग की यात्रा की और चेक अधिकारियों ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। चेक की एक अदालत ने पिछले महीने अमेरिका भेजे जाने से बचने की उनकी याचिका खारिज कर दी थी। अंततः गुप्ता को अदालती कार्यवाही के लिए 14 जून को अमेरिका प्रत्यर्पित किया गया।
 

Comments

ADVERTISEMENT

 

 

 

ADVERTISEMENT

 

 

E Paper

 

 

 

Video

 

Related