ADVERTISEMENT

27 किलो के ढोल की धुनों से पूर्वा मंत्री ने अमेरिका में अनोखे रिकॉर्ड के साथ मचाया धमाल

इंडियन पॉप आर्टिस्ट पूर्वा मंत्री पुणेरी ढोल के साथ अमेरिका में सिंगिंग करने वाली पहली भारतीय महिला कलाकार बन गई हैं।

पूर्वा ने अपने Purvastic Tour में छह अमेरिकी शहरों में मस्ती का रंग जमाया। / Image provided

भारत की लोकप्रिय पॉप आर्टिस्ट पूर्वा मंत्री ने अपने 27 किलो के पुणेरी ढोल के साथ अमेरिका में धमाल मचा दिया। उन्होंने अपने Purvastic Tour 2024 के साथ पिछले महीने छह अमेरिकी शहरों में मस्ती का रंग जमाया। इस टूर के साथ पूर्वा ने एक अनोखा रिकॉर्ड भी बनाया है। 

पूर्वा मंत्री 27 किलो के भारी भरकम पुणेरी ढोल के साथ अमेरिका में सिंगिंग करने वाली पहली भारतीय महिला कलाकार बन गई हैं। पूर्वास्टिक टूर-2024 में उन्होंने 15 मिनट के शो स्टॉपिंग एक्ट किए और पुणेरी ढोल की जीवंत लय को अपनी मधुर आवाज के साथ पेश करके दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। 



पिछले महीने पूर्वा का अमेरिका में पहला शो अटलांटा में 13 सितंबर को हुआ था। इसके बाद सवाना में 14 सितंबर को, डलास में 15 सितंबर को, शिकागो में 21 सितंबर को, बोस्टन में 28 सितंबरॉ को और सिएटल में 29 सितंबर को उनके शो आयोजित किए गए। 

पूर्वा अपनी विशिष्ट, बहुमुखी आवाज के लिए चर्चित हैं। वह जीवंत ऊर्जा से भरी परफॉर्मेंस और ट्रेंडी स्टेटमेंट लुक के लिए जानी जाती हैं। मूल इंडी म्यूजिक के जरिए पूर्वा ने न सिर्फ युवाओं का बल्कि हर उम्र के लोगों के दिल जीते हैं। हालांकि उनके प्रशंसकों में सबसे ज्यादा युवा हैं। 

पूर्वा ने भारत के पारंपरिक पुणेरी ढोल के साथ नए जमाने की ताल मिलाकर पूरी दुनिया में लोगों का दिल जीता है। वह ज़ी टीवी के शो इंडियन प्रो म्यूजिक लीग में मुंबई वारियर्स का प्रतिनिधित्व करते हुए एक सेलिब्रिटी आर्टिस्ट के तौर पर हिस्सा ले चुकी हैं। ढोल पर उनके रंग जमाने वाली परफॉर्मेंस पिछले साल नवरात्रि कै दौरान भारत में काफी हिट हुई थी। 

Comments

ADVERTISEMENT

 

 

 

ADVERTISEMENT

 

 

E Paper

 

 

 

Video

 

Related